यूपी को मिला तिलहन उत्पादन के लिए कृषि कर्मण पुरस्कार

ICAR approves registration of 15 new breeds of livestock & poultry in 2018
December 13, 2018
Mobile applications for Indian farmers
December 19, 2018
Show all

यूपी को मिला तिलहन उत्पादन के लिए कृषि कर्मण पुरस्कार

एग्रीनेशन न्यूज़ नेटवर्क

लखनऊ.  14 दिसम्बर 2018

देश में सर्वाधिक तिलहन विशेषकर तिल उत्पादन के लिए यूपी को प्रतिष्ठित ‘कृषि कर्मण’ पुरस्कार मिला है। केन्द्र सरकार कृषि उत्पादन के अलग-अलग क्षेत्रों बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले राज्यों को यह पुरस्कार देती है। इसके तहत ‘कृषि कर्मण’ पुरस्कार जीतने वाले राज्य को दो करोड़ रुपये नकद, ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र दिए जाते हैं।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने यूपी को तिलहन उत्पादन के लिए ‘कृषि कर्मण’ पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि अभी यह पुरस्कार एक ही फसल के लिए प्राप्त हुआ है। वर्तमान सरकार द्वारा कृषि उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आय दोगुनी करने के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। जिसके कारण यूपी गेहूं समेत अन्य फसलों में भी रिकार्ड उत्पादन करने में सफल हुआ है। उ‌न्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले वर्ष में हमें अन्य फसलों के रिकार्ड उत्पादन के लिए भी कृषि कर्मण पुरस्कार मिलेगा। यहां यह उ‌ल्लेखनीय है कि प्रदेश को जो ‘कृषि कर्मण’ पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है। वह वर्ष 2016-17 में तिलहन विशेषकर तिल की खेती में बेहतरीन प्रर्दशन के लिए हैं जो सपा सरकार के कार्यकाल का है।

गुरुवार को केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय ने राज्य सरकार को तिलहन उत्पादन में कृषि कर्मण पुरस्कार के लिए चुने जाने की सूचना दी। साथ ही यह भी सूचित किया कि प्रदेश के दो सबसे बेहतर तिल उ‌त्पादक किसानों (एक पुरुष एवं एक महिला कृषक)के नाम भी उनके सारे दस्तावेजों के साथ भेजें ताकि उ‌न्हें भी दो-दो लाख का पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र दिया जा सके। राज्य सरकार एवं प्रदेश के दो किसानों को यह पुरस्कार अगले वर्ष फरवरी अथवा मार्च में दिल्ली में आयोजित होने वाले कृषि उन्नति मेले में दिया जाएगा। यह उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय कृषि एवं कृषि कल्याण मंत्रालय द्वारा विभिन्न श्रेणियों में सर्वाधिक उत्पादन / उत्पादकता प्राप्त करने वाले प्रदेशो को प्रति वर्ष ‘कृषि कर्मण’ पुरस्कार दिए जाते हैं।

——————————————————————————————————————–